गंगा का जलस्तर बढ़ने की आशंका, कलान तहसील में बाढ़ चौकियां सक्रिय करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। मध्य गंगा बैराज (बिजनौर) से 2,14,408 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने कलान तहसील के तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से संबंधित अधिकारियों को तत्काल एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी एडवाइजरी के अनुसार शारदा नहर खंड से प्राप्त सूचना के आधार पर विशेष रूप से भैंसार ढाई घाट तटबंध क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए तहसील कलान की सभी बाढ़ चौकियों को तत्काल 24 घंटे सक्रिय करने तथा राजस्व, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की रोस्टरवार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने गंगा के तटीय एवं निचले क्षेत्रों में मुनादी और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क करने, ग्रामीणों एवं उनके पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।

साथ ही सिंचाई विभाग के समन्वय से भैंसार ढाई घाट तटबंध की लगातार निगरानी, गश्त और आवश्यकता पड़ने पर बालू की बोरियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित आपदा से निपटने के लिए नाव, नाविक, गोताखोर, एंटी-स्नेक वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं एवं पशु चारे की व्यवस्था अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है। इसके अलावा क्षेत्र की स्थिति की प्रति घंटे रिपोर्ट जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Previous Post Next Post