ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत मुरथना के मजरा देवमन बेलवा में खुलेआम बिजली चोरी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक बिजली के खंभों से अवैध रूप से कटिया डालकर अपने वाहनों की चार्जिंग कर रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की बिजली आपूर्ति लहरपुर पावर हाउस से होती है। यहां प्रतिदिन करीब 20 से अधिक ई-रिक्शा बिजली के खंभों के पास खड़े कर चोरी से चार्ज किए जाते हैं। आरोप है कि चार्जिंग के दौरान कई बार गांव की बिजली सप्लाई भी बाधित कर दी जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण प्रमोद, रवि, शिवसागर, मनोहर समेत अन्य लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति बिजली चोरी का विरोध करता है तो ई-रिक्शा चालक उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर बिजली चोरी पर रोक लगाने की मांग की है।
इस संबंध में लाइनमैन कैलाश चंद्र ने बताया कि जब वह ई-रिक्शा चालकों को कटिया डालने से रोकते हैं तो वे अभद्रता करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी है।
वहीं, लहरपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अभिनव शुक्ला ने कहा कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
