स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘मेरा युवा भारत राष्ट्रीय खेल दिवस 2026-खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के सीधे प्रसारण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
सीधे प्रसारण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को खेलों के महत्व तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
कुलपति ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से किसी न किसी खेल अथवा शारीरिक गतिविधि में भाग लेने तथा खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. अजीत सिंह चारग ने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खेलों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
एनएसएस समन्वयक प्रमोद यादव ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व की भावना विकसित करना है। खेल गतिविधियां इन उद्देश्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और सामाजिक सहभागिता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. प्रांजल शाही, डॉ. मृदुल पटेल, डॉ. नीलू कुमार, डॉ. संदीप अवस्थी, डॉ. राजेश सक्सेना, श्री सुमित त्रिवेदी सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारत सरकार के आधिकारिक वेबकास्ट पोर्टल के माध्यम से किया गया।
