स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) शाहजहाँपुर का औचक निरीक्षण कर केंद्र की गतिविधियों एवं कृषि विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने धान की फसल पर ड्रोन के माध्यम से नैनो डीएपी (DAP) के छिड़काव का अवलोकन किया और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रक्षेत्र में स्थापित नैनो डीएपी प्रदर्शन प्लॉट का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर इफको के क्षेत्र प्रबंधक मानवेन्द्र सिंह ने नैनो डीएपी के उपयोग, फसल पर इसके प्रभाव, लागत में कमी तथा पर्यावरणीय लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद सीडीओ ने कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित विभिन्न शोध, प्रशिक्षण एवं कृषि विस्तार कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाया जाए, जिससे कृषि उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में वृद्धि हो।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों को जैविक खेती, आधुनिक तकनीक, लागत में कमी और बेहतर उत्पादन के लिए लगातार जागरूक किया जाए तथा नवाचारों को गांव-गांव तक पहुँचाने के प्रयास तेज किए जाएँ।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक पुरुषोत्तम मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
