स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। कृषि स्नातकों को स्वरोजगार से जोड़ने और किसानों को एक ही स्थान पर कृषि संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों का 13 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 14 कृषि स्नातकों को सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किए।
यह प्रशिक्षण 21 जुलाई से 03 अगस्त 2026 तक बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान, नियामतपुर (शाहजहाँपुर) में आयोजित किया गया। वर्ष 2026-27 के लिए चयनित 15 अभ्यर्थियों में से 14 ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि एग्रीजंक्शन योजना का उद्देश्य कृषि स्नातकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराना तथा किसानों को "वन स्टॉप शॉप" के माध्यम से खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि परामर्श एवं अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
योजना के अंतर्गत चयनित कृषि उद्यमियों को खाद, बीज एवं कीटनाशक के लाइसेंस निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। साथ ही कृषि केंद्र की स्थापना के लिए बैंक ऋण प्राप्त करने में सहायता, एक वर्ष तक परिसर किराए का 50 प्रतिशत (अधिकतम ₹2,000 प्रतिमाह) तथा ₹3.50 लाख तक के ऋण पर 7.5 प्रतिशत ब्याज अनुदान (अधिकतम ₹42,000) बैंक लिंक्ड सब्सिडी के रूप में प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना से कृषि स्नातकों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, वहीं किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और आवश्यक कृषि सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम का आयोजन उप कृषि निदेशक कार्यालय, शाहजहाँपुर की ओर से किया गया।
