स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 19 अगस्त। मानसून पूर्व तैनाती के अंतर्गत हनुमतधाम आश्रय भवन, शाहजहाँपुर में तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा आपदा प्रबंधन एवं सामुदायिक क्षमता निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, शाहजहाँपुर में NDRF टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व इंस्पेक्टर भीम सिंह (टीम कमांडर) ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद अयूब खान भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, श्वासनली अवरोध (FBAO), आपातकालीन निकासी तथा विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
NDRF टीम ने विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया, जिससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं तथा अन्य लोगों की सहायता करने के आवश्यक कौशल प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और NDRF टीम के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया।
NDRF द्वारा ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को आपदा के प्रति जागरूक, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
