ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️
उन्नाव। नगर पालिका परिषद उन्नाव से जुड़े सभासदों ने नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर 10 सूत्रीय मांगें रखी हैं। मांग पत्र में पेयजल, सफाई व्यवस्था, जलभराव, प्रकाश व्यवस्था, विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन समेत कई मुद्दों को शामिल किया गया है।
सभासदों की प्रमुख मांग है कि नगर पालिका द्वारा जिन घरों में अभी तक पेयजल की आपूर्ति नहीं कराई गई है, उन घरों का वाटर टैक्स माफ किया जाए। साथ ही जल निगम और नगर पालिका परिषद उन्नाव के बीच हस्तांतरण को लेकर हुए अनुबंध या समझौते की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
मांग पत्र में नगर पालिका में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को वर्ष 2026 के शासनादेश के अनुसार वेतन दिए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग फर्मों के माध्यम से कितने कर्मचारियों की तैनाती है और वे किन वार्डों व पटलों पर कार्यरत हैं, इसकी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सभासदों ने सभी सभासदों के शिकायती पत्रों का निर्धारित समय सीमा में जवाब देने, नाला सफाई का कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कराने और शहर में जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की है। सभी वार्डों में बिना भेदभाव समान रूप से निर्माण कार्य कराए जाने की भी मांग रखी गई है।
मांग पत्र में बोर्ड की संपन्न बैठकों की प्रोसीडिंग बुक की छायाप्रति सभी सभासदों को उपलब्ध कराने तथा सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को विकास कार्यों की योजना में शामिल करने की मांग की गई है।
सभासदों ने नगर के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि कई वार्डों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण अंधेरा रहता है। इसके अलावा हाथ कूड़ा गाड़ी उपलब्ध नहीं होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात भी मांग पत्र में कही गई है।
फॉगिंग व्यवस्था को लेकर भी सभासदों ने सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार मांग किए जाने के बावजूद फॉगिंग का रोस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने नगर क्षेत्र में बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग कराने और उसका रोस्टर उपलब्ध कराने की मांग की है।
