युवक पर फायरिंग और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में युवक पर फायरिंग कर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सूरज चौरसिया पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग की और इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।

पुलिस के मुताबिक घटना 27 सितंबर 2026 को करीब 1:30 बजे गौशाला रोड स्थित बगिया मंदिर के पास हुई। मामले में सूरज के भाई शिवम चौरसिया पुत्र अरविन्द, निवासी मिश्रीबाग, थाना ठाकुरगंज, की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

दो आरोपी गिरफ्तार

ठाकुरगंज पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को मूसाबाग खंडहर प्रेरणास्थल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरे उर्फ तैसीफ पुत्र अली हसन, निवासी बैरागी खेड़ा, थाना बेनीगंज, हरदोई, हाल पता मछली मंडी के पीछे, यूनिटी कॉलेज, थाना दुबग्गा, लखनऊ, उम्र करीब 22 वर्ष और मो. कलीम पुत्र सरदार अली, निवासी गदिया खेड़ा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ, हाल पता पुराना तोपखाना, बरी रोड, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।

तमंचा, कारतूस और डंडा बरामद

पुलिस ने भूरे उर्फ तैसीफ के कब्जे से कथित रूप से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं मो. कलीम की जामा तलाशी में एक डंडा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले सूरज चौरसिया का कलीम के साथ विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद को घटना की वजह बताया गया है। अवैध तमंचे और कारतूस की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

CCTV और सुरागरसी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश के दौरान CCTV फुटेज, सुरागरसी-पतारसी, मुखबिर की सूचना और अन्य साक्ष्यों की मदद ली गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मामला मु0अ0सं0-630/2026, धारा 109(1)/115(2) BNS एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत थाना ठाकुरगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक राज बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी आम्रपाली, उपनिरीक्षक मुदित राय, चौकी प्रभारी भूहर, उपनिरीक्षक शुभम सिंह, चौकी प्रभारी गऊघाट, कांस्टेबल अंशुल कुमार, कांस्टेबल दीप नारायण और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।

Previous Post Next Post