ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया की स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्राम फत्तेजोत में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने ग्राम फत्तेजोत का भ्रमण किया था। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अख्तर को गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर शिविर लगाया।
शिविर के दौरान कुल 115 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 105 सामान्य मरीजों की जांच की गई, जबकि 7 मरीजों में मोतियाबिंद तथा 3 मरीजों में कंजक्टिवाइटिस से संबंधित समस्या पाई गई। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही जरूरत के अनुसार आगे की चिकित्सकीय जांच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. मोहित, डॉ. मोहसिन, विनय द्विवेदी, एएनएम, ग्राम प्रधान एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हुईं, जिससे उन्हें जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

