हसनगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 121 शिकायतें आईं, 6 का मौके पर निस्तारण


ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र, उन्नाव ✍️

हसनगंज, उन्नाव। तहसील हसनगंज में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी हसनगंज श्रीमती शालिनी सिंह तोमर ने की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी उन्नाव, तहसीलदार कीरत सेन, क्षेत्राधिकारी हसनगंज तेज बहादुर सिंह सहित राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में कुल 121 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 61, पुलिस विभाग की 17, विकास विभाग की 15 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 28 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

पीड़ित ने लेखपाल पर लगाया शिकायत में लापरवाही का आरोप

समाधान दिवस के दौरान ग्राम बगहरी मजरा भौली, परगना झल्लोतर अजगैन, तहसील हसनगंज निवासी कल्लू पुत्र स्वर्गीय जुराखन भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे।

कल्लू के अनुसार, उन्होंने ग्राम सिंघानपुर, परगना झल्लोतर में गाटा संख्या 1233 क पर एक प्लॉट खरीदा है और उनके पास जमीन की रजिस्ट्री/बैनामा मौजूद है। उनका आरोप है कि बैनामा होने के बावजूद उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन क्षेत्रीय लेखपाल सुमित साहू द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि लेखपाल ने शिकायत पर कथित तौर पर यह कहते हुए टाल दिया कि, “क्या मैं वहां जाकर मार करूं।”

कल्लू का कहना है कि वह कई बार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर जमीन पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की है।

नोट: लेखपाल के संबंध में लगाए गए आरोप पीड़ित की शिकायत पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Previous Post Next Post