गुमशुदा 151 स्मार्टफोन बरामद, पुलिस ने उनके स्वामियों को किए सुपुर्द

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम एवं गायब हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस की साइबर सेल एवं CEIR टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार द्वारा संचालित संचार सारथी पोर्टल का तकनीकी उपयोग करते हुए पुलिस टीम ने कुल 151 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 से 35 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी यातायात/साइबर पर्यवेक्षण अधिकारी वीर शेन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जनपदीय साइबर सेल तथा थाना साइबर सेल/CEIR टीम द्वारा तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।


16 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। इस दौरान उपस्थित नागरिकों एवं मोबाइल स्वामियों ने बलरामपुर पुलिस की साइबर सेल तथा CEIR टीम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

मोबाइल फोन स्वामियों ने पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली की प्रशंसा की। पुलिस की इस पहल से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। साथ ही यह भी सामने आया कि तकनीक और बेहतर टीमवर्क के माध्यम से गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आमजन को भरोसा दिलाया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जनपद के सभी थानों पर साइबर सेल/CEIR टीम का गठन किया गया है, जिससे मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर तकनीकी माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने पर स्थापित साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं अथवा भारत सरकार द्वारा संचालित संचार सारथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

बलरामपुर पुलिस ने कहा कि जनता की सहायता और उनकी संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

Previous Post Next Post