गोविन्दापुर में दर्दनाक हादसा: सरायन नदी में डूबने से 17 वर्षीय सत्येंद्र की मौत

 

दोस्तों के साथ नदी किनारे लकड़ी बीनने गया था किशोर, पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️

सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र के गोविन्दापुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सरायन नदी में डूबने से 17 वर्षीय सत्येंद्र की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दोस्तों के साथ गया था नदी किनारे

जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र रविवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ सरायन नदी के किनारे लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा गिरा।

पानी की गहराई अधिक होने के कारण सत्येंद्र बाहर नहीं निकल सका। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

फायर यूनिट और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने थाना कमलापुर पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। सूचना पर फायर स्टेशन सिधौली प्रभारी विजय बहादुर यादव के नेतृत्व में फायर यूनिट तथा थाना कमलापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सत्येंद्र को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक जांच एवं आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सत्येंद्र की मौत की खबर से गोविन्दापुर गांव में शोक की लहर है। परिजनों के लिए यह हादसा बेहद पीड़ादायक साबित हुआ है।

Previous Post Next Post