ब्यूरो रिपोर्ट पप्पू कुमार, सीतापुर ✍️
सकरन/सीतापुर। थाना बिसवां क्षेत्र के ग्राम लहसड़ा मजरा शाहपुर, विकासखंड सकरन में सर्पदंश से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मीनू पुत्री राम किशोर रात में घर के बरामदे में तख्त पर सो रही थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मीनू ने परिजनों को सर्पदंश की जानकारी दी।
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन
मीनू की हालत गंभीर देखते हुए परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मीनू ने दम तोड़ दिया।
पांच बहनों में सबसे बड़ी थी मीनू
परिजनों के अनुसार राम किशोर की पांच पुत्रियां और एक पुत्र है। मीनू पांचों बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर जताई चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र पहले से ही बाढ़ की समस्या से प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से जंगली जीव-जंतुओं के अलावा चोरी की घटनाओं का भी भय बना रहता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेहतर किए जाने की मांग की है।
लेखपाल ने जांच का दिया भरोसा
क्षेत्रीय लेखपाल प्रवेश कुमार यादव ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
SEO Keywords: सीतापुर सर्पदंश मामला, सकरन सीतापुर खबर, बिसवां थाना, लहसड़ा शाहपुर, 18 वर्षीय युवती की मौत, सर्पदंश से मौत, सीतापुर ग्रामीण समाचार
