ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️
सीतापुर, 16 सितंबर 2026। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के सहयोग से जनपद सीतापुर के 20 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं 4 राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक सभागार, सीतापुर में मासिक धर्म स्वच्छता अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने की। मुख्य वक्ता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बालिकाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
शिक्षिकाओं को संवेदनशील संवाद का प्रशिक्षण
कार्यशाला में 20 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं 4 राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और संबंधित प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वच्छता, बालिकाओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक संवाद तथा विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक, बालिका शिक्षा सुश्री श्रुति एवं श्री राजकमल के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमा से जुड़े ऐसे प्रयासों को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एवं सीखो सिखाओ फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
बालिकाओं को मिलेगी मासिक धर्म स्वच्छता गरिमा किट
इस पहल के तहत बालिकाओं को फैबपैड द्वारा निर्मित मासिक धर्म स्वच्छता गरिमा किट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक किट में 5 पुनः उपयोग योग्य कपड़े के पैड, 2 अंतर्वस्त्र, 1 धुलाई साबुन और 1 निर्देश पुस्तिका शामिल है।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को किट के उचित उपयोग, धुलाई, सुखाने और सुरक्षित रखरखाव के बारे में भी जानकारी दी गई।
आयोजकों के अनुसार, पुनः उपयोग योग्य कपड़े के पैड पर्यावरण के अनुकूल विकल्प होने के साथ-साथ उचित स्वच्छता एवं देखभाल के साथ उपयोग किए जा सकते हैं। इसका उद्देश्य बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
छह वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा फाउंडेशन
इस अवसर पर सीखो सिखाओ फाउंडेशन के प्रबंधक मनीष सिंह ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों को बेहतर बनाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षिकाएं एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
