किसान दिवस में डीएम ने किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 


कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने और शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर जोर

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 16 सितंबर 2026। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, कृषक प्रतिनिधि तथा 33 प्रगतिशील कृषकों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनका प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को शासन की कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

पशु बीमा योजना को लेकर शासन को पत्र भेजने के निर्देश

जिलाधिकारी ने पशु बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली धनराशि में वृद्धि किए जाने के संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।

वहीं, कार्बन क्रेडिट के संबंध में प्रस्तुतीकरण उपलब्ध न कराने पर जिलाधिकारी ने डीएफओ से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

रबी सत्र के लिए बीज बुकिंग की दी जानकारी

बैठक की शुरुआत जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर ने पिछले किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं तथा उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी देकर की।

उन्होंने रबी सत्र 2026-27 के लिए अनुदान पर बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट प्राप्त करने की बुकिंग प्रक्रिया के बारे में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की वेबसाइट agriculture.up.gov.in के माध्यम से भू-धारक किसान स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय अथवा राजकीय कृषि बीज भंडार पर कार्यालय समय में पहुंचकर भी बुकिंग करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों के मोबाइल फोन पर संदेश भेजा जाएगा। इसके आधार पर किसान अपने विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से तोरिया मिनीकिट बीज प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने किसानों से समय से बुकिंग कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

कृषि रक्षा इकाइयों से अनुदान पर रसायन उपलब्ध

जिला कृषि रक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि किसानों को एट-सोर्स पर अनुदान की कार्यवाही कृषि विभाग द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत किसान अपने विकासखंड की कृषि रक्षा इकाई से रसायन खरीदने के बाद केवल कृषक अंश का भुगतान करेंगे।

बारिश के बाद फसलों के प्रबंधन की दी जानकारी

कृषि वैज्ञानिक डॉ. महेश कुमार ने हाल में हुई बारिश के बाद फसलों के बचाव एवं प्रबंधन को लेकर किसानों को आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने धान की फसल में अंतिम अवस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों एवं रोग प्रबंधन के बारे में बताया।

उन्होंने तिलहनी फसलों की बुवाई के लिए 15 सितंबर से उपयुक्त समय शुरू होने की जानकारी देते हुए किसानों को बीज दर, कतार एवं पौधों के बीच उचित दूरी बनाए रखने तथा बीजोपचार करने की सलाह दी।

उन्होंने तिलहनी फसलों में डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट के प्रयोग की सलाह देते हुए बताया कि इसमें फास्फोरस के साथ सल्फर एवं कैल्शियम भी पाया जाता है, जिससे तेल की मात्रा और गुणवत्ता में लाभ हो सकता है।

उद्यान विभाग की योजनाओं की दी जानकारी

जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक ने किसानों को पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान आवेदन प्रक्रिया पूरी कर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करा सकते हैं, जिसके बाद विभाग द्वारा आवेदन को ऋण के लिए बैंक को अग्रसारित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की रियायती वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं मूल्य संवर्धन इकाइयों के लिए परियोजना लागत पर 35 से 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान बताया गया।

लंपी स्किन रोग से बचाव के लिए निःशुल्क टीकाकरण

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को लंपी स्किन रोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो चुका है और निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप कृषि निदेशक पुरुषोत्तम कुमार मिश्र, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, भूमि संरक्षण अधिकारी (गोमती) रामप्रकाश राण, सहायक अभियंता नलकूप नरोत्तम लाल दिवाकर, जिला प्रबंधक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शमी आलम सहित संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कृषक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर ने सभी अधिकारियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया और किसान दिवस कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Previous Post Next Post