कटरा और निगोही के दंपतियों के बीच आपसी मतभेद दूर कराकर परिवार परामर्श केंद्र ने कराया समझौता
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में दंपतियों के पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें आपसी समझाइश और वार्ता के बाद दो दंपतियों में समझौता कराया गया। दोनों दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
15 साल पुराने वैवाहिक विवाद में बनी सहमति
पहला मामला थाना कटरा क्षेत्र के दंपति का था, जिनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। दंपति की चार बेटियां हैं। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी बातचीत कराई गई।
आवेदिका ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है, उसकी बात नहीं मानता और घरेलू खर्च भी नहीं देता। महिला ने बताया कि उसका पति काम के सिलसिले में दिल्ली चला जाता है। उसने कहा कि वह अपने ससुराल जाना चाहती है, लेकिन पति उसे ठीक से रखे।
वहीं दूसरे पक्ष ने बताया कि वह दिल्ली में काम करता है और पत्नी के गांव में इधर-उधर घूमने की बात से उसे गुस्सा आता है। उसने पत्नी के साथ मारपीट से इनकार करते हुए कहा कि वह आगे पत्नी का खर्च उठाएगा और उसे अपने साथ रखना चाहता है।
परामर्श के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
शराब को लेकर विवाद, पति ने छोड़ने का दिया आश्वासन
दूसरा मामला थाना निगोही क्षेत्र के दंपति का था, जिनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनका आठ माह का बेटा है और महिला करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थी।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीता है और शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। साथ ही उसे भोजन और घरेलू खर्च भी नहीं देता। महिला ने कहा कि वह पति के साथ तभी जाएगी, जब वह शराब पीना छोड़ देगा।
वहीं पति ने बताया कि वह कभी-कभी शराब पीता है, लेकिन अब शराब नहीं पीने की बात कही। उसने पत्नी को अपने साथ रखने की इच्छा जताई।
दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र में समझाया गया। इसके बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और दोनों को सकुशल घर भेज दिया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की कार्रवाई के दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र म0उ0नि0 मधु यादव, परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव, म0आ0 शीतल चौहान, म0आ0 रश्मि चौधरी, म0आ0 नेहा चौहान, म0आ0 मौनिका कुमारी और आ0 विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
