शाहजहांपुर: पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 34 जनशिकायतों का किया निस्तारण, शिकायतकर्ताओं को थाने के चक्कर से राहत

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 21 सितंबर 2026। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 34 शिकायतों का निस्तारण किया।

IGRS शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में IGRS के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ता के मौके पर जाकर शिकायतों का समाधान कर रहे हैं।

हर दिन मौके पर पहुंचकर होगी कार्रवाई

अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 34 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

घर पहुंचकर शिकायत का स्थलीय निरीक्षण

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार अब शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर या संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेगी और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास करेगी।

शिकायत के समाधान के बाद दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर निस्तारण के संबंध में उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को त्वरित, निष्पक्ष और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना तथा जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।

Previous Post Next Post