जलालाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 41 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 19 सितंबर 2026। तहसील जलालाबाद में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ तहसील पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पुलिस विभाग की 9, समाज कल्याण की 2, नगर निकाय की 8, राजस्व विभाग की 14 तथा विकास विभाग की 2 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय जांच अथवा फील्ड विजिट की आवश्यकता है, संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर तथ्यों की जांच करें और निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, संपूर्ण समाधान दिवस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता के साथ-साथ निस्तारणकर्ता अधिकारी की उपस्थिति तथा मौके का जियो-टैग फोटो भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

डीएम ने लंबित शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार शिकायत न करनी पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से संतुष्टि फीडबैक भी प्राप्त किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के जनसुनवाई-समाधान पोर्टल पर भी शिकायतों के निस्तारण के संबंध में फीडबैक देने की व्यवस्था है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, प्रभारी उपजिलाधिकारी जलालाबाद प्रियंका चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए अवधेश राम, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post