स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 19 सितंबर 2026। भगवान परशुराम मंदिर, परशुरामपुरी में चल रहे समेकित पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
भगवान परशुराम मंदिर के समेकित पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना की कुल लागत 18.59 करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत विभिन्न निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। कार्यदायी संस्था को अब तक 13.705 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। सत्संग भवन में फॉल सीलिंग एवं फायर संबंधी कार्य प्रगति पर पाया गया। इसके अलावा सत्संग भवन की दीवारों पर स्टोन क्लैडिंग का कार्य भी कराया जा रहा था।
डीएम ने मुख्य मंदिर के आसपास बन रही रिटेनिंग वॉल एवं कॉलम के निर्माण कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्संग भवन, अन्य निर्माणाधीन भवनों तथा मुख्य मंदिर के आसपास चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को 30 नवंबर तक पूर्ण कराने का प्रयास सुनिश्चित किया जाए, ताकि पूर्ण हो चुके कार्यों को आंशिक रूप से हैंडओवर किया जा सके।
गौरतलब है कि परशुरामपुरी स्थित भगवान परशुराम मंदिर परिसर के पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए पिछले वर्षों से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
