शाहजहांपुर में जनशिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान, मौके पर 44 शिकायतों का निस्तारण

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 27 सितंबर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 44 शिकायतों का निस्तारण किया।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के कम से कम एक स्थान और थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र के कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

27 सितंबर को अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 44 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद दोनों पक्षों से बातचीत एवं फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। मौके पर ही शिकायतों का स्थलीय परीक्षण और निस्तारण किए जाने से शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Previous Post Next Post