गर्रा और खन्नौत नदी में बाढ़ जैसे हालात, खतरे के निशान से कुछ ही दूर पहुंचा पानी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। लगातार दिन-रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते गर्रा और खन्नौत नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। दोनों नदियों में पानी खतरे के निशान से कुछ ही दूरी पर पहुंचने से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ आपदा से जुड़े अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के अनुसार, दियुनी बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण आगामी दो से तीन दिनों में गर्रा और खन्नौत नदियों के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


भारी बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। लेखपालों को प्रभावित क्षेत्रों में जाकर फसलों का स्थलीय निरीक्षण करने और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी, नाले और जलभराव वाले निचले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Previous Post Next Post