ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️
लूट की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में निभाई थी अहम भूमिका
उन्नाव। जनपद में लूट की घटनाओं का सफल अनावरण कर आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उन्नाव पुलिस के पांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शौर्य सम्मान से सम्मानित किया गया।
सोमवार को लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम जयप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल सुदीप कटियार (सर्विलांस टीम), कांस्टेबल विकास सिंह एवं कांस्टेबल नितीश यादव (स्वाट टीम) शामिल हैं।
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग को देखते हुए उन्हें शौर्य सम्मान प्रदान किया गया।
पांच पुलिसकर्मियों को मिले इस सम्मान से उन्नाव पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। विभाग की ओर से इसे पुलिस टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर पुलिसिंग का परिणाम बताया गया है।
