ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️
निरीक्षण में चारे की कमी और गंदगी भी मिली, संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग
सकरन (सीतापुर)। विकासखंड सकरन की ग्राम पंचायत बगहाढाक में संचालित अस्थायी गौ आश्रय स्थल का मंगलवार को खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में दर्ज गोवंश की संख्या और मौके पर मौजूद गोवंश की संख्या में अंतर पाया गया। वहीं पांच गोवंश बीमार अवस्था में मिले।
बीडीओ के निरीक्षण के अनुसार गौ आश्रय स्थल पर 225 गोवंश दर्ज थे, जबकि मौके पर 205 गोवंश ही पाए गए। इस प्रकार 20 गोवंश कम मिले। इनमें से पांच गोवंश गंभीर बीमारी से ग्रसित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान गौ आश्रय स्थल पर चारे की उचित व्यवस्था भी नहीं मिली। परिसर में चारों ओर गंदगी पाई गई तथा मौके पर हरा चारा उपलब्ध नहीं था। वहीं भूसा भी कम मात्रा में मिला।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व गौ आश्रय स्थल को शिव ग्राम उद्योग विकास समिति नामक निजी एनजीओ को हैंडओवर किया गया था। इसके बाद से एनजीओ द्वारा गौशाला का संचालन किया जा रहा था।
गौशाला में गोवंश के बीमार पाए जाने और 20 गोवंश कम मिलने के मामले को लेकर प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार वर्मा एवं प्रधान संघ अध्यक्ष सुंदरलाल तिवारी ने बीडीओ से मुलाकात की। उन्होंने गौशाला के संचालन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 20 गोवंश कम मिले तथा कुछ पशु बीमार अवस्था में पाए गए हैं। मामले की जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेज दी गई है। अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

