आईजीआरएस की 51 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 

विशेष अभियान के तहत शिकायतकर्ताओं के पास पहुंची शाहजहांपुर पुलिस, स्थलीय निरीक्षण कर समाधान का प्रयास

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 3 सितंबर 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने 51 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया।

पुलिस के अनुसार, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में की जा रही है।

शिकायतकर्ता के पास पहुंच रही पुलिस

विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करना है।

पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित कुल 51 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर समाधान

शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता की समस्या के समाधान के लिए मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उनकी शिकायतों का स्थलीय स्तर पर बेहतर एवं समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सकेगा।

Previous Post Next Post