सहारनपुर मस्जिद प्रकरण को लेकर AIMIM ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

 

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा प्रयागराज ✍️

न्यायिक जांच, दोषियों पर कार्रवाई और मस्जिद के पुनर्निर्माण की मांग; महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने कहा—हर विवाद का हल बुलडोजर नहीं

प्रयागराज। सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मामले को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम अपर जिलाधिकारी सत्यम मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की न्यायिक जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा मस्जिद के पुनर्निर्माण की मांग की गई।

AIMIM महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद, जिला अध्यक्ष यमुनापार शौकत अली और युवा जिलाध्यक्ष शारिक कलीम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता अधिकारियों के पास पहुंचे। महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में न्यायिक जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाई जाए। उनका कहना था कि हर विवाद का समाधान बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हो सकता। प्रशासन को किसी भी विवाद में कानून और निर्धारित न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।

AIMIM नेताओं ने मांग रखी कि मस्जिद का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा पूरे मामले में निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन देने वालों में प्रदेश सचिव मुजीबुर्रहमान एडवोकेट, पूर्व जिला अध्यक्ष मेराज अहमद, महानगर प्रवक्ता इफ्तेखार अहमद मंदर, महानगर उपाध्यक्ष रियाजुल हक चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष शहर पश्चिमी जुबैर अहमद, तौफीक अहमद, रियाज खान, मुश्ताक अहमद एडवोकेट, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद शाहिद, इंसाद अली, अदनान असगरी, मोहम्मद तौकीर, मोहम्मद असद, मासूम अहमद, मोहम्मद उस्मान, एहसान अली खान, मोहम्मद अफजल खान सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नोट: मस्जिद ध्वस्तीकरण से जुड़े आरोप और AIMIM की मांगें पार्टी द्वारा दिए गए ज्ञापन/बयान के आधार पर हैं।

Previous Post Next Post