खुटार में पटाखा गोदामों और दुकानों की सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों का लिया जायजा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

एसडीएम व सीओ पुवायां ने संयुक्त रूप से किया निरीक्षण, संचालकों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में सोमवार को थाना खुटार क्षेत्र में स्थित पटाखा गोदामों एवं दुकानों की सघन चेकिंग की गई। क्षेत्राधिकारी पुवायां एवं उपजिलाधिकारी पुवायां ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पटाखा गोदामों एवं दुकानों के लाइसेंस की वैधता, पटाखों के भंडारण की स्थिति, निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा आकस्मिक आग से बचाव के लिए उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा सुरक्षित स्थानों पर की जा रही है या नहीं।

अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों एवं गोदाम संचालकों को अग्निशमन और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने, ज्वलनशील सामग्री के संबंध में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पुलिस बल को क्षेत्र में सतर्क निगरानी बनाए रखने और पटाखा गोदामों एवं दुकानों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकना है।

Previous Post Next Post