![]() |
| मृतका रश्मि (फाइल फोटो) |
घर के अंदर फर्श पर मिला 40 वर्षीय महिला का शव, सिर के आसपास मिले खून के निशान; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
लखनऊ। थाना महानगर क्षेत्र में रविवार को एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। महिला का शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला, जबकि सिर के आसपास खून के निशान पाए गए।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से मकान मालिक ने सूचना दी थी कि उनके किरायेदार हिमांशु श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी रश्मि की मृत्यु होने की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शव के पास मिले खून के निशान
मौके पर हिमांशु श्रीवास्तव मौजूद मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उन्होंने तत्काल घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। घर के अंदर रश्मि का शव फर्श पर पड़ा था और सिर के आसपास खून के निशान मिले।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस उपायुक्त मध्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
मृतका के भाई सौरभ श्रीवास्तव पुत्र शेषमणि श्रीवास्तव, निवासी तहापुर मालिकपुर, जनपद अम्बेडकरनगर की तहरीर के आधार पर थाना महानगर में मु0अ0सं0 171/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हिमांशु श्रीवास्तव के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति हिमांशु श्रीवास्तव से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतका के शव का नियमानुसार पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
