बिसवां में कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने सरकार पर साधा निशाना, महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर उठाए सवाल

 

प्याज की मालाएं पहनाकर हुआ स्वागत, ओवरब्रिज, स्वास्थ्य, शिक्षा और जाम का मुद्दा भी उठाया

ब्यूरो रिपोर्ट निर्मल यादव सीतापुर ✍️

बिसवां, सीतापुर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने रविवार को बिसवां के एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार पर महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। पत्रकार वार्ता से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्याज की मालाएं पहनाकर प्रियंका गुप्ता का स्वागत किया।

प्रियंका गुप्ता ने कहा कि महंगाई चरम सीमा पर है, जिसके चलते आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

मंदिरों में चोरी की घटनाओं पर भी सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता ने मंदिरों के दानपात्रों से चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से गंभीरता से कदम उठाने की मांग की।

बिसवां की स्थानीय समस्याएं भी उठाईं

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रियंका गुप्ता ने बिसवां के स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण की धीमी गति, राजकीय महाविद्यालय की आवश्यकता, उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के अभाव और नगर में लगने वाले जाम का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि बिसवां की इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमर मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद्र गौड़, रजनीश मिश्रा, सुबी खान, अब्दुल करीम अंसारी, बकरीद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous Post Next Post