वैज्ञानिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग, लेबलिंग और आधुनिक मशीनों के उपयोग की दी गई जानकारी, 225 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 3 सितंबर। जनपद के पारंपरिक एवं प्रसिद्ध ओडीओपी (एक जनपद, एक उत्पाद) उत्पादों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रोजा शाहजहांपुर में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में चिन्हित ओडीओपी उत्पाद लौंज की बर्फी, खुरचन, गुड़ एवं समोसा के उत्पादन, गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन को बेहतर बनाने की जानकारी दी गई। कार्यशाला में 225 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आधुनिक तकनीक और पैकेजिंग पर जोर
कार्यशाला में प्रतिभागियों को उत्पादों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए ऑटोमेटिक मशीनों की स्थापना एवं उपयोग, आधुनिक पैकिंग मशीन, रैपर एवं सीलर, आकर्षक एवं सुरक्षित पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं लेबलिंग के साथ उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने वाली तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को आधुनिक क्लाउड किचन की स्थापना एवं संचालन के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार
उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रसिद्ध लौंज की बर्फी, खुरचन, गुड़ एवं समोसा जैसे पारंपरिक ओडीओपी उत्पादों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पैकेजिंग एवं गुणवत्तापूर्ण मानकों से जोड़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग, लेबलिंग और गुणवत्ता मानकों को अपनाकर स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे उत्पादकों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हो सकती है।
विशेषज्ञों ने दी तकनीकी जानकारी
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक, उपायुक्त जीएसटी, सहायक आयुक्त उद्योग, सहायक प्रबंधक, प्रधानाचार्य आईटीआई एवं सहायक आयुक्त खाद्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा डॉ. अंशुमान श्रीवास्तव, प्रोफेसर, भारतीय पैकेजिंग संस्थान, सरोजनी नगर, लखनऊ तथा श्रद्धानंद राय, टेक्निकल स्टाफ, भारतीय पैकेजिंग संस्थान, सरोजनी नगर, लखनऊ ने प्रतिभागियों को पैकेजिंग तथा उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की।
