स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जी.एफ. कॉलेज, शाहजहांपुर में युवा कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माहे आलम, उप-निदेशक, मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर ने किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों हर्ष पांडेय, लवली सक्सेना एवं सोनी गौतम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान युवाओं के बीच निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में मोहम्मद मौनिश प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे। प्रतियोगिता में—
- प्रथम स्थान: मोहम्मद मौनिश
- द्वितीय स्थान: फरमान खान
- तृतीय स्थान: शैलेन्द्र सिंह
- सांत्वना पुरस्कार: अजरा एवं अंजुमन
ने प्राप्त किया।
युवाओं को सामाजिक जागरूकता के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जी.एफ. कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रईस अहमद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. तनवीर हुसैन ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर प्रतियोगिता के परिणाम तैयार किए।
प्राचार्य ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जी.एफ. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहसिन हसन खान ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच, प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
