स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 21 सितंबर 2026। आगामी 23 सितंबर 2026 को मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” (Ayurveda for a Healthier Tomorrow) निर्धारित की गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आयुर्वेद दिवस को व्यापक जन-जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
22 सितंबर को निकलेगी वाकाथॉन
जन-जागरूकता के लिए 22 सितंबर को जनपद मुख्यालय पर ‘वाकाथॉन (Run for Ayurveda)’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभागीय कार्मिकों, योग संस्थानों से जुड़े लोगों और आम नागरिकों के शामिल होने की बात कही गई है।
23 सितंबर को दिलाई जाएगी आयुर्वेद शपथ
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विकास भवन, नगर निगम, सभी तहसीलों और विकास खंड कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयुर्वेद शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही MyGov पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सकों द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रकृति परीक्षण किया जाएगा। साथ ही दिनचर्या, ऋतुचर्या और आहार-विहार को लेकर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
वृद्धाश्रम बनतारा में विशेष स्वास्थ्य शिविर
वृद्धाश्रम बनतारा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ बुढ़ापे और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
विद्यालयों में चलेगा चेतना अभियान
जनपद के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के सिद्धांतों, स्वस्थ दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी आदतों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, प्रभागीय वन अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी (नोडल अधिकारी/सदस्य सचिव), नीमा, रेडक्रॉस सोसाइटी तथा भारतीय योग विज्ञान संस्थान के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
