लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, जनसुनवाई और आईजीआरएस शिकायतों पर विशेष जोर
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 15 सितम्बर 2026। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर की मौजूदगी में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं उनके कार्यालयों में नियुक्त कर्मचारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान क्षेत्राधिकारियों के कार्यालयों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के उचित रख-रखाव, लंबित प्रकरणों एवं अभियोगों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पुलिस कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंबित मामलों की हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक में आईजीआरएस एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरण, प्रारंभिक जांच, मानवाधिकार, महिला एवं एससी-एसटी प्रकोष्ठ से संबंधित जांच सहित शासन एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा क्षेत्राधिकारियों द्वारा की जा रही विवेचनाओं, उनकी संस्तुति में लंबित पत्रावलियों, सर्किल में लंबित एसआर एवं अन्य विवेचनाओं, अनुचित रूप से लंबित अभियोगों तथा गैर-जमानती वारंट एवं रिकवरी वारंट के संबंध में भी जानकारी ली गई।
बैठक में हिस्ट्रीशीटरों एवं वांछित अपराधियों की निगरानी, जघन्य अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, प्रचलित एसआर अभियोगों तथा शिकायत प्रकोष्ठ में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि और निष्पक्ष जांच पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने सर्किल में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों में निष्पक्ष जांच के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कांवड़ यात्रा के दौरान उत्कृष्ट कार्य पर क्षेत्राधिकारी सम्मानित
समीक्षा गोष्ठी के दौरान श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में क्षेत्राधिकारियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट पर्यवेक्षण एवं प्रभावी पुलिस प्रबंधन की सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इसी प्रकार निष्ठा, सजगता एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।
प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
समीक्षा गोष्ठी के उपरांत पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा उत्कृष्ट कार्य, समर्पित कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रभावी पुलिस पर्यवेक्षण के लिए क्षेत्राधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
