राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को विद्यालयी बच्चों की रैली रवाना

जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, अधिक से अधिक लंबित वादों के निस्तारण के दिए निर्देश

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 3 सितंबर। 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाहजहांपुर के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने रैली के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है, जिससे पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।

जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित वादों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित करें, ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जा सके और इसे सफल बनाया जा सके।

राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई रैली में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को लोक अदालत के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण न्यायाधीश मोहम्मद रिजवान अहमद, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नरेंद्र कुमार-तृतीय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमार-तृतीय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति अग्रवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं एलएडीसीएस के अधिवक्तागण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाहजहांपुर के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

Previous Post Next Post