ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️
उन्नाव। शहर के वार्ड नंबर 8 कृष्णा नगर स्थित पक्का तालाब, पैट्रियाट स्कूल के पास जर्जर और टूटा हुआ बिजली का पोल हादसे को दावत दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर तारों के सहारे लटक रहा है और कभी भी जमीन पर गिर सकता है।
पोल के आसपास लगातार लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में इसके अचानक गिरने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को खतरा पैदा हो सकता है। जर्जर पोल को लेकर क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र इब्राहिम बाग पावर हाउस के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली का पोल काफी समय से जर्जर स्थिति में है, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से अब तक इसे हटाने या बदलने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने और जर्जर पोल को हटाकर नया पोल लगाए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि संभावित जनहानि को रोका जा सके।
