स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी 29 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर मोहल्ला मदराखेल गुमटी के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पवन शर्मा समेत सात लोगों द्वारा उसकी पुत्री को अतिरिक्त दहेज में एक प्लॉट और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि मांग पूरीन होने पर उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 524/26, धारा 80(2)/85 बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में वांछित रामकुमार पुत्र मैकूलाल, उम्र करीब 76 वर्ष और पवन कुमार पुत्र रामकुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, दोनों निवासी मोहल्ला तिलहरजई, थाना सदर बाजार, को 29 सितंबर को दोपहर 1:25 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों का मूल निवास ग्राम बबक्करपुर, थाना सेहरामऊ दक्षिणी, शाहजहांपुर बताया गया है।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अक्षय कुमार, कांस्टेबल विशु तोमर और रिक्रूट कांस्टेबल रामगोपाल, थाना सदर बाजार शामिल रहे।
