कृष्णानगर में महिला का शव मिलने से हड़कंप, सिर पर चोट का निशान मिलने से जांच तेज

LDA प्रथम चौकी क्षेत्र की घटना, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ, 14 सितंबर 2026। थाना कृष्णानगर क्षेत्र के LDA प्रथम चौकी अंतर्गत सोमवार सुबह सड़क किनारे एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से शव का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतका के सिर पर चोट का निशान पाया गया है।

सुबह 7:52 बजे मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:52 बजे थाना कृष्णानगर को महिला का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक, कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल पर तत्काल फील्ड यूनिट को बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

राधा के रूप में हुई मृतका की पहचान

पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों से प्रारंभिक जानकारी लेने पर मृतका की पहचान राधा, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि राधा बाराबिरवा के पास सड़क किनारे भोला नामक व्यक्ति के साथ रहती थी।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की पुष्टि के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

CCTV फुटेज और साक्ष्यों की जांच

घटना के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

पुलिस ने घटना के अनावरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें लगाया है। साथ ही मृतका के परिजनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post