उन्नाव में मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार


ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️

उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र में मंदिरों से घंटे चोरी करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 32 पीतल के छोटे-बड़े घंटे और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद घंटों को कथित तौर पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर की रात झब्बरखेड़ा मजरा बिचपरी स्थित काली माता मंदिर से घंटे चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

18 सितंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी किए गए घंटे बोरियों में भरकर कुसुम्भी मोड़ के पास सवारी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दो बोरियों से कुल 32 घंटे बरामद हुए।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बिचपरी स्थित काली माता मंदिर के अलावा दरबारीखेड़ा और बनी बॉर्डर क्षेत्र के मंदिरों से भी घंटे चोरी करने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए कुछ घंटे नवाबगंज की एक बर्तन की दुकान पर बेचे गए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा राजपूत (20), रियाज (19), आयुष (19), इरशाद उर्फ शाहिद (22) और कुलदीप वर्मा (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में एक अन्य दुकानदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post