स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 23 सितंबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहांपुर स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी यातायात की उपस्थिति में आयोजित हुआ। अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा की मूलभूत जानकारी और उसके व्यवहारिक प्रयोग का प्रशिक्षण दिया।
श्रवण एवं वाक् बाधित लोगों से संवाद पर जोर
प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा से परिचित कराना रहा, ताकि श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को समझने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान संस्था के सदस्यों ने विभिन्न संकेतों, उनके अर्थ और दैनिक परिस्थितियों में उनके व्यवहारिक उपयोग की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा के माध्यम से सामान्य संवाद स्थापित करने का भी अभ्यास कराया गया।
संस्था के सदस्यों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान पुलिस विभाग और संस्था के बीच सहयोग एवं समन्वय को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
समावेशी पुलिसिंग की दिशा में पहल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं समावेशी पुलिसिंग के लिए आवश्यक व्यवहारिक जानकारी दी गई, ताकि श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों सहित प्रत्येक व्यक्ति तक पुलिस की सहायता और सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकें।
शाहजहांपुर पुलिस की ओर से जनसामान्य के साथ सहज, संवेदनशील और समावेशी संवाद स्थापित करने के लिए ऐसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
