स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। थाना पुवायां पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे और निशानदेही से चोरी के दो ई-रिक्शा बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी पुवायां के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक थाना पुवायां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
थाना पुवायां में ई-रिक्शा चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें वादियों को बंधक बनाकर ई-रिक्शा जबरन ले जाने से संबंधित मामले भी शामिल थे। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी अजीत कश्यप पुत्र सत्यपाल कश्यप, निवासी सरोवर नगर, थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर, उम्र करीब 26 वर्ष को पुलिस टीम ने 25 सितंबर 2026 को करीब 16:01 बजे धारा पुल के नीचे से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मुकदमा संख्या 579/26 से संबंधित एक चोरी का ई-रिक्शा तथा मुकदमा संख्या 578/26 से संबंधित एक चोरी का ई-रिक्शा बरामद किया। कुल दो चोरी के ई-रिक्शा बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना पुवायां में मुकदमा संख्या 578/26 धारा 307, 317(2) बीएनएस, मुकदमा संख्या 505/26 धारा 303(2) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 579/26 धारा 307, 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्यामवीर सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, कांस्टेबल शिवकुमार, कांस्टेबल सुधीर और कांस्टेबल अनुज शर्मा शामिल रहे।
