पैदल मार्च निकालकर की नारेबाजी, आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत चार सूत्रीय मांगें उठाईं
ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 05 सितंबर। जातिगत आरक्षण और यूजीसी के विरोध में शनिवार को सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वीर विनय चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष अभय शुक्ला एवं जिला मीडिया प्रभारी शिवांशु शुक्ला ने किया। संगठन की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया।
आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
जिलाध्यक्ष अभय शुक्ला ने कहा कि जातिगत आरक्षण समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन आरक्षण के विरोध में नहीं है, बल्कि आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किए जाने की मांग करता है, ताकि जरूरतमंद और गरीब लोगों को इसका लाभ मिल सके।
जिला उपाध्यक्ष अनुपम पाठक ने यूजीसी के संबंध में संगठन की आपत्तियां रखते हुए कहा कि इसके लागू होने से विद्यालयों में बच्चों के बीच दूरी और भेदभाव बढ़ने की आशंका है। उन्होंने यूजीसी को समाप्त किए जाने की मांग उठाई।
जिला संयोजक रवि पाठक ने सवर्ण आयोग के गठन तथा एससी-एसटी एक्ट समाप्त किए जाने की मांग रखी।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष विपुल मिश्रा ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि समाज से जुड़े विषयों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जिला मीडिया प्रभारी शिवांशु शुक्ला ने कहा कि सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों को शासन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी संदीप मिश्रा, मुकेश तिवारी, मनोज शुक्ला, संदीप कौशल, पंकज गुप्ता, उत्कर्ष, प्रभात शुक्ला, हरीश सिंह, रूपेश सिंह, नितिन गुप्ता, सुमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
