पुलिस परिवार के बच्चों ने प्रस्तुत कीं श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। दिनांक 04/05 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस लाइन बलरामपुर परिसर में पुलिस परिवार के साथ भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी एवं बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की।
कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों एवं भजनों पर बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बनाया।
सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है श्रीकृष्ण का जीवन
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने समस्त पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, धर्म एवं लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव एवं एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ पर्व मनाया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिसकर्मियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाकर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई।
