शहीद पार्क में महिलाओं के सामने अश्लील हरकत करने का आरोपी गिरफ्तार, मिशन शक्ति टीम की कार्रवाई

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 23 सितंबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सदर बाजार की मिशन शक्ति टीम ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

शहीद पार्क के गेट के पास कर रहा था अभद्रता

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह थाना सदर बाजार की मिशन शक्ति टीम शहीद पार्क में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पार्क के गेट के पास एक व्यक्ति महिलाओं और अन्य लोगों के सामने कथित रूप से अश्लील हरकतें कर रहा था और अश्लील भाषा का प्रयोग कर रहा था।

पुलिस टीम ने युवक को सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत न करने की हिदायत दी, लेकिन पुलिस के अनुसार उसने बात नहीं मानी। इसके बाद कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत उसे सुबह करीब 7 बजे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साजिद पुत्र बादल, निवासी तारीन टिकली, मल्हार टॉकीज के पास, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर, उम्र करीब 29 वर्ष बताया।

ब्रीथ एनालाइजर से शराब के नशे की पुष्टि

पुलिस के अनुसार आरोपी की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल को भी सीज करने की कार्रवाई की।

आरोपी के खिलाफ थाना सदर बाजार में मु0अ0सं0 512/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, प्रभारी मिशन शक्ति टीम, महिला कांस्टेबल कविता यादव और रिजर्व महिला कांस्टेबल ज्योति सिंह, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर शामिल रहीं।

Previous Post Next Post