शाहजहाँपुर में जानलेवा हमले का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 सितंबर 2026। थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी शीबू उर्फ आजम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को पंकज पुत्र पुत्तूलाल, निवासी मोहल्ला बाकरजई, थाना कोतवाली, शाहजहाँपुर ने तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शीबू उर्फ आजम, नईम और कुछ अज्ञात लोगों ने वादी के भाई नीरज (45 वर्ष) के घर में घुसकर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

तहरीर के आधार पर थाना रामचन्द्र मिशन में मु0अ0सं0 177/2026, धारा 333/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वाहन चेकिंग के दौरान मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक रामचन्द्र मिशन पुलिस बल के साथ हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित अभियुक्त शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से हरदोई रोड की ओर आ रहा है।

कुछ देर बाद पुलिस टीम को सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा।

कच्चे रास्ते पर गिरी मोटरसाइकिल

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर आरोपी हाईवे से बड़े गांव वाले कट की ओर मुड़कर कच्चे रास्ते पर भागने लगा। कच्चा रास्ता होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।

पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शीबू उर्फ आजम पुत्र बाबू, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी किला पाखड़, थाना कोतवाली, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई।

जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल शाहजहाँपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मामले में बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Previous Post Next Post