ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। श्री गणपति महोत्सव के विसर्जन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने श्री गणपति केंद्रीय समन्वय समिति के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ राप्ती घाट स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन को ध्यान में रखते हुए घाट की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था एवं समतलीकरण का जायजा लिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि नगर पालिका परिषद बलरामपुर नगरवासियों की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सदैव तत्पर है। गणपति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी।
निरीक्षण के अवसर पर गौरव मिश्र, श्री गणपति केंद्रीय समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. तुलसी दुबे, उपाध्यक्ष अम्बरीश शुक्ला, सभासद एवं महामंत्री सोनू साहू, मंत्री सौर्य मिश्रा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ का जयघोष करते हुए भगवान श्री गणेश से नगरवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।

