स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
285 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को शीघ्र शिफ्ट कराने के निर्देश, कायाकल्प के शेष कार्य प्राथमिकता से होंगे पूरे
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के जर्जर विद्यालय भवनों, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों तथा कायाकल्प योजना के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल, शौचालय, संपर्क मार्ग, रंगाई-पुताई, टाइलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों की सूची खंड शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त कर कार्ययोजना में शामिल की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्य में डुप्लीकेशन नहीं होना चाहिए। स्वीकृत सभी कार्यों की सूची जनपद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में एडीओ पंचायत प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे हैं, वहां कराए जा रहे विकास कार्यों का स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करें।
128 और 240 जर्जर भवनों की सूची की समीक्षा
जर्जर विद्यालय भवनों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पहले चिन्हित 128 भवनों तथा बाद में तैयार की गई 240 भवनों की सूची के संबंध में मूल्यांकन, ध्वस्तीकरण और मलबे की नीलामी की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित सभी कार्य रविवार तक प्रत्येक दशा में पूरे कर लिए जाएं।
साथ ही, जिन विद्यालय भवनों को जर्जर नहीं पाया गया है, उनके संबंध में अभियंताओं से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
285 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन
विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 285 विद्यालय ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इन लाइनों को शीघ्र शिफ्ट कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा कोई जोखिम न रहे।
कायाकल्प के शेष कार्य प्राथमिकता से होंगे पूरे
कायाकल्प योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में जो भी कार्य अभी शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने विद्यालयों में जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण, हाईटेंशन विद्युत लाइनों को हटाने तथा कायाकल्प योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों के कार्य से पूर्व और कार्य पूर्ण होने के बाद के फोटोग्राफ तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


