पर्यावरण, वृक्षारोपण और गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

 


पर्यावरण, वृक्षारोपण और गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नदी संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ई-वेस्ट तथा निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, नियमित संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक प्रसंस्करण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण, स्वच्छता अभियान के बेहतर क्रियान्वयन तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही तरल अपशिष्ट के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के प्रदूषित जल को नदियों एवं अन्य जलस्रोतों में जाने से रोकने के निर्देश दिए।

बैठक में ई-वेस्ट, जैविक अपशिष्ट तथा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के अनधिकृत निस्तारण पर प्रभावी नियंत्रण और निर्धारित मानकों के अनुरूप इनके संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बरेली को बैठक में स्वयं उपस्थित होने के लिए सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पौधरोपण के साथ रोपित पौधों के संरक्षण एवं जियो-टैगिंग, तालाबों और नदियों की स्वच्छता तथा जनभागीदारी से संचालित पर्यावरणीय अभियानों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post