शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन गड्ढे में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर निर्माणाधीन ब्रिज के पास एलिवेटर के लिए खोदे गए गड्ढे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। गड्ढे में करीब आठ फीट पानी भरा हुआ था, जिसमें व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:20 बजे मेमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर जीआरपी शाहजहांपुर के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तथा आरपीएफ पोस्ट शाहजहांपुर के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन एलिवेटर के लिए खोदे गए गड्ढे की लंबाई करीब 29 फीट, चौड़ाई 17 फीट और गहराई लगभग 10 फीट है। गड्ढे में करीब आठ फीट पानी भरा हुआ था। पुलिस टीम ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच की। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मृत्यु होने की आशंका जताई गई है। पुलिस के मुताबिक शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शरीर पर काले रंग की फुल टी-शर्ट और काले रंग की फुल पैंट थी तथा पैरों में एडिडास के जूते पाए गए। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायतनामा भरकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और शांति व्यवस्था कायम रही।
