जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती पुस्तक महोत्सव में पीएम श्री बेसिक विद्यालय खुशहाल गंज के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और पुस्तक मेले में नई पुस्तकों एवं विषयों के बारे में जानकारी हासिल की। गोमती पुस्तक महोत्सव 12 से 20 सितंबर तक लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया।
विद्यालय के बच्चों ने ‘स्टोरी’ (कहानी वाचन) और ‘वॉइस’ (ध्वनि एवं आवाज प्रस्तुति) जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों ने कहानी वाचन और अपनी आवाज के माध्यम से प्रस्तुति देकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई।
इस दौरान बच्चों ने पुस्तक मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और अलग-अलग विषयों की पुस्तकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों को पढ़ने और पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कचरा प्रबंधन की भी मिली जानकारी
पुस्तक मेले के दौरान बच्चों को कचरा प्रबंधन एवं उसके उचित निस्तारण की तकनीकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके माध्यम से बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनकी रुचि और सीखने के स्तर को बढ़ावा देने के लिए उपयोगी पुस्तकें भी प्रदान की गईं। इस शैक्षिक भ्रमण में भारती एयरटेल फाउंडेशन का सहयोग रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल अंजलि सक्सेना, सहायक अध्यापिका शुभ्रा महेश्वरी, विद्यालय का स्टाफ तथा भारती एयरटेल फाउंडेशन के सुरेंद्र उपस्थित रहे।
