अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए असम जाएंगी छात्रा
ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️
बिसवां। विद्या भारती आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर, सीतापुर में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, पुरवारी टोला की कक्षा आठ की छात्रा दीपांशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दीपांशी ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट योग कौशल का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर दीपांशी का चयन अब अखिल भारतीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता असम में आयोजित की जाएगी, जहां दीपांशी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
दीपांशी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्या, आचार्याओं एवं समस्त छात्राओं ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि दीपांशी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी योग एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
