शिक्षक सम्मान ही सर्वोच्च सम्मान: कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह

कुलपति महोदय का उद्बोधन व सभागार में उपस्थित शिक्षक

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षक सम्मान ही सबसे बड़ा सम्मान है, क्योंकि शिक्षक पुरातन ज्ञान को नवीनता का स्वरूप प्रदान करता है और विद्यार्थियों के सकारात्मक विकास के साथ उन्हें समावेशिता, शोध एवं नवाचार की दिशा दिखाता है।

कुलपति ने कहा कि सीमित साधनों के बावजूद विस्तृत सोच विकसित करने का संकल्प डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को यह संकल्प लेना चाहिए कि विद्यार्थियों में शोधवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित कर उन्हें राष्ट्र की उन्नति में सहभागी बनाया जाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलित कर किया गया।

शिक्षक को उसकी विद्वता के बल पर मिलता है सम्मान

इस अवसर पर प्रोफेसर राकेश कुमार आजाद ने कहा कि शिक्षक सभ्यता के विकास का पथ प्रदर्शक है और उसे उसकी विद्वता के बल पर ही सम्मान प्राप्त होता है।

डॉ. जयशंकर ओझा ने भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वहीं रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोहित गोयल ने कहा कि एक उत्तम व्यक्तित्व का विकास एक आदर्श शिक्षक ही कर सकता है।

श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ की प्रधानाचार्या डॉ. मेघना मेहंदीरत्ता ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा दर्शन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके नाम पर गठित राधाकृष्णन आयोग ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया। स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अमीर सिंह यादव ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा दर्शन की व्यवहारिकता पर अपने विचार रखे।

छह शिक्षकों को किया गया सम्मानित

शिक्षक दिवस समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में—

  1. प्रो. कमलेश गौतम – स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज
  2. डॉ. नमिता शुक्ला – स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज
  3. श्री सचिन कुमार – एस.एस. लॉ कॉलेज
  4. डॉ. श्वेता सिंह – स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज
  5. श्री सौरभ अग्निहोत्री – श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ
  6. श्रीमती चांदनी वर्मा – लिटिल आइंस्टीन प्री स्कूल

रोटरी क्लब ने भी किया शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब की ओर से कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह, प्रो. आर.के. आजाद, डॉ. जे.एस. ओझा, डॉ. अमीर सिंह यादव, डॉ. मेघना मेहंदीरत्ता एवं श्रीमती मृदुषी मिश्रा को अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न एवं प्रमाणपत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

‘होलिस्टिक एजुकेशन’ पुस्तक का विमोचन

समारोह में वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर कमलेश गौतम एवं डॉ. अपर्णा त्रिपाठी द्वारा संपादित पुस्तक ‘होलिस्टिक एजुकेशन’ का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संदीप अवस्थी ने किया। अंजलि मिश्रा के निर्देशन में श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ की छात्राओं ने राष्ट्रगान एवं गुरु वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

समारोह में रोटरी क्लब के सचिव डॉ. गौरव कौशल सहित विश्वविद्यालय एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Previous Post Next Post